साइबर डीएसपी ने बच्चों को बताया कानून का पाठ, सुरक्षा के दिए अहम टिप्स!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: 'नो योर पुलिस' कार्यक्रम के तहत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय मदनसाठ में बच्चों के साथ संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों को कानून जानकारी दी गई व संभावित अपराधों से बचने के लिए उन्हें जागरुक किया।
छात्र- छात्राओं को संबोधित करते हुए साइबर डीएसपी अमन ने सुरक्षित यात्रा, महिलाओं की सुरक्षा समेत रास्ते में किसी असमाजिक तत्व द्वारा परेशान करने, आपराधिक वारदात होने, सड़क दुर्घटना, आग लगने की स्थिति समेत किन-किन परिस्थितियों में डायल 112 का उपयोग कर पुलिस से मदद ली जा सकती है, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं उन्होंने मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया का सोंच- समझकर उपयोग करने, अनजाने लिंक पर क्लिक न करने व साइबर फ्रॉड से बचने के उपाय के बारे में भी बच्चों को विस्तार से बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार व पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर काफी गम्भीर है। उनके लिए थाने में महिला हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। साइबर डीएसपी द्वारा बच्चों को आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए संकल्प दिलाया गया। इस दौरान बेबी कुमारी, शिखा कुमारी, लवली कुमारी, विकास तिवारी, अर्पित कुमार, मनीष गिरी, पूजा कुमारी आदि के द्वारा पूछे गए सवाल पर कानूनी सुरक्षा, अपराध की श्रेणी, आईपीसी, फौजदारी व दीवानी मुकदमा, आपातकाल, मॉकड्रिल आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के आरंभ में विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य राजकुमार शर्मा के द्वारा पुलिस अधिकारियों को अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया।
मौके पर अपर थानाध्यक्ष सृजन मिश्रा, एसआई अभिनंदन कुमार, महिला सिपाही मोनिका सिंह के अलावें शैलेश सिंह, महमूद आलम, अमरनाथ मांझी, शैलेन्द्र सिंह, जागृति सिंह, अंकिता सिंह, ममता कुमारी, पिंकी कुमारी आदि शिक्षक व शिक्षिकाएं मौजूद थी।