मेहदार मंदिर में झड़प मामले में चार गिरफ्तार, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप!
सिवान (बिहार): सावन महीने के अवसर पर मेहदार मंदिर में जलाभिषेक के दौरान प्रशासन और श्रद्धालुओं के बीच हुई झड़प के मामले में चैनपुर थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने, मेला में विधि-व्यवस्था भंग करने और ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं दंडाधिकारी के साथ मारपीट करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
इस संबंध में हसनपुरा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार राज ने चैनपुर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत मंगलवार को सिवान न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सारण जिले के रिविलगंज थाना क्षेत्र के विजयराय टोला निवासी अमरजीत सिंह के पुत्र हिमांशु कुमार सिंह, भेलदी थाना क्षेत्र के संदलपुर गांव निवासी बच्चा लाल सिंह के पुत्र राजीव रंजन सिंह, प्रिय रंजन कुमार सिंह और रवि रंजन कुमार सिंह के रूप में की गई है।
चैनपुर थानाध्यक्ष गौरव कुमार सिन्हा ने बताया कि मंदिर परिसर में ड्यूटी कर रहे प्रशासनिक कर्मियों के साथ इन लोगों ने झड़प की, जिससे विधि-व्यवस्था प्रभावित हुई। मामले की जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई और सिवान न्यायालय भेज दिया गया।