मांझी में बढ़ते अपराध के बीच युवक को मारी गोली, पुलिस कार्रवाई को लेकर लोगों में सवाल
सरयू नदी से मछली मारकर लौट रहे युवक को रास्ते में रोका, मछली नहीं देने पर दाहिने हाथ में मारी गोली; पीएमसीएच रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड क्षेत्र में अपराध की घटनाओं को लेकर एक बार फिर लोगों में चिंता बढ़ गई है। छोटकी फुलवरिया गांव में शुक्रवार की रात करीब आठ बजे सरयू नदी से मछली मारकर घर लौट रहे एक युवक को कथित रूप से गांव के ही कुछ लोगों ने रोक लिया। मछली मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद युवक को गोली मार दिए जाने की घटना सामने आई है। गोली युवक के दाहिने हाथ में लगी है और गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है।
घायल युवक की पहचान छोटकी फुलवरिया निवासी पंकज सहनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, पंकज अपने एक दोस्त के साथ सरयू नदी से मछली मारकर घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही तीन-चार लोग उसे रोककर मछली मांगने लगे। आरोप है कि पंकज द्वारा मछली देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और गांव के ही एक युवक ने उस पर गोली चला दी।
गोली लगने के बाद पंकज गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया। परिजनों के मुताबिक पंकज की हालत नाजुक बनी हुई है।
एक माह पूर्व भी इसी गांव में हुई थी गोलीबारी
स्थानीय लोगों के अनुसार, करीब एक माह पूर्व भी छोटकी फुलवरिया गांव में एक युवक को गोली मारी गई थी। हालांकि वह युवक इस घटना में बच गया था। अब उसी गांव में दोबारा गोलीबारी की घटना सामने आने से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दो दिन पहले हथियार के बल पर घर में डकैती
वहीं, दो दिन पूर्व मांझी प्रखंड में ही हथियार के बल पर एक घर में डकैती किए जाने का मामला भी सामने आया था। मांझी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। चार की संख्या में पहुंचे अपराधी घर से दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही गोलीबारी और हथियार से जुड़ी घटनाओं के कारण क्षेत्र में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंचने की तैयारी
घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने की बात सामने आई है। मामले की जांच के लिए एकमा एसडीपीओ के घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी दी गई है। हालांकि समाचार प्रेषण तक परिजनों की ओर से प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई थी।
कार्रवाई को लेकर लोगों में उदासीनता की धारणा
लगातार हो रही घटनाओं के बीच कुछ स्थानीय लोगों में थाने की कार्रवाई को लेकर उदासीनता की धारणा भी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि घटनाओं के बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई और आरोपितों के खिलाफ उठाए गए कदमों को लेकर स्पष्टता नहीं रहने से आम लोगों में सुरक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बनती है।
हालांकि, ताजा घटना में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है। स्थानीय लोगों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर गोली चलाने वाले आरोपित की पहचान करते हुए उसके खिलाफ कानून सम्मत कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

