बोहटा नदी का कहर, दो ढोलकिया पुल से बह रहा बाढ़ का पानी; सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के मुबारकपुर पंचायत अंतर्गत सिधरिया टोला के समीप बोहटा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ की स्थिति गंभीर होती जा रही है। नदी का पानी दो ढोलकिया पुल के ऊपर से लगातार बह रहा है। पानी खेतों में फैलने के कारण मुबारकपुर पंचायत के किसानों की सैकड़ों एकड़ खड़ी धान की फसल जलमग्न हो गई है। इससे किसानों के सामने फसल बर्बाद होने का खतरा मंडरा रहा है।
मुबारकपुर निवासी एवं सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर चंद सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की ओर से दोनों पुलों के मुहाने पर मिट्टी भरी बोरियां डालकर पानी को रोकने का प्रयास किया गया था। लेकिन पानी का दबाव इतना तेज था कि बोरियां बह गईं और नदी का पानी खेतों में फैल गया।
उन्होंने प्रशासन से जल्द पानी को रोकने के लिए ठोस एवं प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पानी को नियंत्रित नहीं किया गया तो चेंफुल पंचायत का चंवर भी बाढ़ की चपेट में आ जाएगा और हजारों एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो सकती है।
हरिजन टोला में घरों में पानी घुसने का खतरा
ग्रामीणों के अनुसार बोहटा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण मुबारकपुर हरिजन टोला पूरी तरह बाढ़ के पानी से घिर गया है। पानी का स्तर लगातार बढ़ने से अब लोगों के घरों में पानी घुसने का खतरा मंडराने लगा है। ग्रामीणों में बाढ़ को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सड़क पुल के ऊपर दो फुट पानी, आवागमन ठप
मुबारकपुर पंचायत को महम्मदपुर पंचायत से जोड़ने वाले सड़क पुल के ऊपर से करीब दो फुट पानी बह रहा है। इसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क और पुल की ऊंचाई कम होने के कारण हर वर्ष बाढ़ के दौरान यह मार्ग पानी में डूब जाता है और आवागमन बाधित होता है। ग्रामीणों ने इसके लिए निर्माण कार्य में ठेकेदार की मनमानी को जिम्मेदार बताया है।
कोडर गांव में नाव के सहारे आवाजाही
इधर, कोडर गांव के समीप भी सड़क पर पानी भर गया है। स्थिति ऐसी है कि लोगों को अपने घरों तक आने-जाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। लगातार बढ़ते जलस्तर ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित इलाकों में तत्काल राहत एवं बचाव की व्यवस्था करने तथा पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

