जमीन विवाद को लेकर महिला ने मांगी सुरक्षा, पति के चचेरे भाई पर लगाया अवैध कब्जा व जमीन बेचने का आरोप
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के शीतलपुर पंचायत की मीरा मिश्रा, पति संतोष मिश्रा ने जमीन विवाद को लेकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने सारण के जिला समाहर्ता एवं आरक्षी अधीक्षक को अलग-अलग आवेदन देकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मीरा मिश्रा का आरोप है कि उनके चचेरे देवर विनोद मिश्रा द्वारा उनकी जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया गया है तथा उनकी जमीन को अन्य व्यक्तियों के हाथों बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। इस विवाद को लेकर पूर्व से न्यायालय में मामला चलने की बात भी उन्होंने बताई है।
मीरा मिश्रा के अनुसार, इस मामले में मांझी अंचल की आरओ द्वारा भी उनके और उनके पति संतोष मिश्रा के पक्ष में फैसला सुनाया गया है। इसके बावजूद जमीन को लेकर विवाद बना हुआ है।
महिला ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उन्हें विनोद मिश्रा से किसी भी समय जान-माल का खतरा बना हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा प्रदान करने तथा विवाद की जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मीरा मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि वह अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और इसी कारण जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के समक्ष आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि सत्येंद्र नारायण यादव, टिंकू कुमार साह, विजय कुमार यादव, पुष्पों देवी को कोर्ट के आदेश का अवहेलना करते हुए जमीन की रजिस्ट्री उनके देवर के द्वारा कर दिया गया है।
नोट: जमीन विवाद और लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जा सकता है।

