कृषि विज्ञान केंद्र मांझी में दो दिवसीय कृषक-वैज्ञानिक वार्तालाप का शुभारंभ
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कृषि विज्ञान केंद्र, मांझी, सारण में शुक्रवार को दो दिवसीय कृषक-वैज्ञानिक वार्तालाप का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन 4 एवं 5 सितंबर को किया जा रहा है। इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, वैज्ञानिक खेती, सरकारी योजनाओं तथा फसल एवं पशु प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम का उद्घाटन कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी, डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला, डॉ. सुषमा टम्टा, डॉ. विजय कुमार, श्रीमती सुनीता प्रसाद एवं श्री परमात्मा सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर डॉ. रविन्द्र कुमार तिवारी ने कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, भारत सरकार एवं बिहार सरकार की किसान कल्याणकारी योजनाओं तथा पशुओं में होने वाली प्रमुख बीमारियों और उनके प्रबंधन की जानकारी किसानों को दी।
उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला ने लीची स्टिंक बग के वैज्ञानिक प्रबंधन, नए फलोद्यान की स्थापना की वैज्ञानिक विधि तथा प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
वहीं कृषि अभियांत्रिकी विशेषज्ञ डॉ. सुषमा टम्टा ने रबी मौसम में उपयोगी आधुनिक कृषि यंत्रों के बारे में किसानों को बताया। उन्होंने लेजर लैंड लेवलर, जीरो टिलेज सीड ड्रिल और हैप्पी सीडर जैसी तकनीकों के उपयोग एवं महत्व की जानकारी दी।
मृदा विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार ने किसानों को मृदा परीक्षण के लिए वैज्ञानिक तरीके से मिट्टी का नमूना लेने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने मृदा परीक्षण के माध्यम से खेत की मिट्टी में उपलब्ध पोषक तत्वों की स्थिति जानने और उसके आधार पर संतुलित उर्वरक प्रबंधन करने के लाभ बताए।
कार्यक्रम में वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद किया और उनकी कृषि संबंधी समस्याओं को सुना। किसानों की समस्याओं के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक समाधान भी सुझाए गए।
कृषक-वैज्ञानिक वार्तालाप में सारण जिले के मांझी, रिविलगंज एवं गरखा प्रखंडों से कुल 37 किसान शामिल हुए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केंद्र के अमितेश कुमार गौरव, श्री राकेश कुमार, श्री उमाशंकर कुमार एवं श्री अविनाश कुमार पांडेय ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
#KrishiVigyanKendra #Manjhi #Saran #FarmerScientistInteraction #AgricultureNews #BiharAgriculture #FarmerTraining #NaturalFarming #LitchiFarming #SoilTesting #ModernAgriculture #RabiFarming #ZeroTillage #HappySeeder #LaserLandLeveler #BiharNews #SaranNews

