डॉक्टर ने युवती को बताया मृत, घर पहुंचते हो गई जिंदा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पटना के एक निजी क्लीनिक द्वारा शुक्रवार को मृत घोषित की गई युवती को पीएमसीएच के डॉक्टरों ने जीवित बताया। शनिवार को परिजन उसे मृत समझकर एंबुलेंस से घर ले आए, लेकिन घर पहुंचते ही युवती के शरीर में हरकत देख सभी के होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, गायत्री कुमारी 1 जुलाई को अपने पिता भगवान जी महतो के साथ बाइक से बड़ी बहन के घर तरैया जा रही थी। इसी दौरान चनचौरा के पास सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। मांझी नगर पंचायत के चौबाह स्थान निवासी पिता-पुत्री का पटना में इलाज चल रहा था।
शुक्रवार को निजी क्लीनिक के चिकित्सक ने गायत्री को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और घर के दरवाजे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। शनिवार को शव को घर लाने की तैयारी की गई।
परिजन एंबुलेंस पर शव लादकर मांझी स्थित घर लाए। इसी बीच कुछ महिलाओं ने शोर मचाया कि "लड़की जिंदा है"। लोगों ने पास जाकर देखा तो युवती की सांसें चल रही थीं और वह गर्दन भी हिला रही थी।
तुरंत परिजन उसे लेकर मांझी सीएचसी पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। हालांकि देर शाम इलाज के दौरान गायत्री ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।

