मांझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, 16 वर्षीय किशोर की मौत; दोस्त गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के समीप मांझी-ताजपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी वीरेन्द्र यादव के पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि प्रिंस कुमार अपने एक दोस्त के साथ बाइक से दवा लेने जा रहा था। इसी दौरान डुमरी गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने प्रिंस कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। सदर अस्पताल से भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर किया गया। हालांकि, पटना ले जाने के दौरान रास्ते में ही प्रिंस ने दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल उसका दोस्त एक निजी अस्पताल में इलाजरत है।
पढ़ाई के साथ खेती-बाड़ी में करता था सहयोग
परिजनों के अनुसार, प्रिंस गांव में रहकर पढ़ाई करता था और परिवार के खेती-बाड़ी के काम में भी हाथ बंटाता था। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता छपरा में वेल्डिंग का काम करते हैं। किशोर की मौत की खबर मिलते ही डुमरी गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान और तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
#Manjhi #SaranNews #RoadAccident #BiharNews #ManjhiTajpurRoad #Dumri #RoadAccidentNews #Saran #BiharAccident #BreakingNews #AccidentNews #ManjhiNews

