मांझी में हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर की लूट, दो लाख के जेवर और नकदी लेकर फरार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में गुरुवार की रात हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। चार की संख्या में पहुंचे अपराधी घर से दो लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात, कपड़े और 10 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित राज कुमार भारती घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे। वह पंजाब में अपने दोनों पुत्रों के साथ मजदूरी करते हैं। घर में उनकी पत्नी गायत्री देवी अपनी पुत्री किरण कुमारी के साथ सो रही थीं। इसी दौरान हथियारों से लैस अपराधियों ने घर पर धावा बोल दिया।
बताया गया कि अपराधियों में से दो ने मां-बेटी को एक कमरे में बंद कर दिया, जबकि दो अन्य अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखे जेवरात, कपड़े और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए।
परिजनों के मुताबिक, परिवार में मई माह में पुत्री की शादी की तैयारी चल रही थी। शादी के लिए जेवरात बनवाकर घर में रखे गए थे। इसी दौरान हुई लूट से परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर एसडीपीओ-2 प्रेमचंद्र सिंह, इंस्पेक्टर किरण शंकर और मांझी थानाध्यक्ष बिनोद कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेने के साथ ही अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का शीघ्र उद्भेदन करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

