बोरो स्तर युवा संसद प्रतियोगिता में जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ का शानदार प्रदर्शन, छात्रों ने जीते तीन पुरस्कार
कोलकाता, 17 सितंबर 2026 2026
संसदीय कार्य विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से आयोजित बोरो स्तर की प्रतियोगिताओं में जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में तीन पुरस्कार अपने नाम किए। छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
मित्रा इंस्टीट्यूशन (शाखा) में बोरो-9 स्तर पर युवा संसद, प्रश्नोत्तरी, आशु भाषण और निबंध लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यालय के छात्रों की उपलब्धियां इस प्रकार रहीं—
- मो. खतीब (कक्षा-9) — निबंध लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान।
- रितिक पटेल (कक्षा-10) — आशु भाषण प्रतियोगिता में तृतीय स्थान।
- जफर इमाम एवं मो. अरश्लान (कक्षा-10) — प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान।
युवा संसद प्रतियोगिता में भी जवाहरलाल नेहरू विद्यापीठ (बॉयज़) हाई स्कूल के विद्यार्थियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
प्रतियोगिताओं की तैयारी में विद्यालय के शिक्षक नितेश्वर चौधरी, शाश्वती मुखर्जी और विनोद यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत से विद्यालय को यह उपलब्धि हासिल हुई।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मधुरिमा चंद्रा ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी छात्रों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में चक्र-10 की सब-इंस्पेक्टर ऑफ स्कूल पायल भट्टाचार्य उपस्थित रहीं। आयोजन ने विद्यार्थियों में संसदीय ज्ञान, वक्तृत्व क्षमता, तर्कशक्ति और रचनात्मक लेखन के प्रति उत्साह को बढ़ावा दिया।

