रघुनाथपुर में गोलीकांड, आपसी विवाद में युवक को लगी गोली
सिवान (बिहार) | 2 सितंबर 2026:
रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में बुधवार दोपहर आपसी विवाद और झड़प के दौरान गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। घायल की पहचान अभिमन्यु कुमार यादव, पिता स्व. फोजदार यादव, निवासी राजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, रघुनाथपुर थाना को करीब दोपहर 3 बजे सूचना मिली कि राजपुर गांव में कुछ लोगों के बीच विवाद के दौरान सोनू यादव द्वारा अभिमन्यु कुमार यादव को गोली मार दी गई। घटना में अभिमन्यु घायल हो गए।
सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए पीएचसी रघुनाथपुर भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल, सिवान रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ मैरवा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से आवश्यक पूछताछ की। वहीं, एफएसएल टीम द्वारा भी घटनास्थल की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि घटना से जुड़े सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विधि-सम्मत कार्रवाई जारी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है।

