डुमाईगढ़ घाट पर शराब तस्करी का भंडाफोड़, 293 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के डुमाईगढ़ घाट पर एलटीएफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश से नाव के जरिए लाई जा रही 293 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से शराब लदी एक स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एलटीएफ प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से नाव के माध्यम से शराब की खेप डुमाईगढ़ घाट लाई जा रही है और उसे स्कॉर्पियो में लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही एलटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए डुमाईगढ़ घाट पर छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई होते ही शराब तस्करों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 293 लीटर अंग्रेजी शराब और एक स्कॉर्पियो बरामद कर ली। हालांकि, कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे।
मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने पत्रकारों को दूरभाष पर जानकारी देते हुए बताया कि शराब तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शराब की खेप कहां से लाई गई तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज
डुमाईगढ़ घाट पर हुई इस कार्रवाई के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस एवं एलटीएफ द्वारा क्षेत्र में शराब की अवैध आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शराब तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मांझी शराब बरामदगी, डुमाईगढ़ घाट शराब तस्करी, सारण शराब तस्करी, 293 लीटर अंग्रेजी शराब, एलटीएफ कार्रवाई, स्कॉर्पियो जब्त, बिहार शराबबंदी, मांझी पुलिस

