मांझी थाना की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब बरामद, चालक तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को अहले सुबह सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लग्जरी कार से भारी मात्रा में शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से कार चालक को भी गिरफ्तार किया है। छपरा सदर एसडीपीओ 2 प्रेमचन्द्र सिंह के नेतृत्व में माँझी थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी।
गिरफ्तार युवक की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के मटियार गांव निवासी के रूप में बताई जा रही है। बताया जाता है कि लग्जरी कार के जरिए शराब की तस्करी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस ने शराब और लग्जरी कार को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

