डॉ. पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज के तीन कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई
प्राध्यापकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने अवकाश प्राप्त करने वाले सहयोगियों के योगदान को किया याद, प्राचार्य डॉ. विवेकानंद तिवारी ने किया सम्मानित
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: डॉ. पी.एन. सिंह डिग्री कॉलेज, छपरा में अवकाश प्राप्त करने वाले तीन कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के इतिहास विभाग की प्राध्यापिका प्रोफेसर आभा राज सिंह, राजनीति शास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. प्रोफेसर अजय कुमार सिंह तथा चतुर्थवर्गीय कर्मचारी रविंद्र नाथ शर्मा के अवकाश ग्रहण करने पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने विधिवत रूप से समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने अवकाश प्राप्त कर रहे तीनों कर्मियों के कार्यकाल और महाविद्यालय के प्रति उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में शिक्षकों के साथ-साथ शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उनके अनुभव और सेवाएं संस्थान की स्मृतियों का हिस्सा बनी रहेंगी।
इस अवसर पर डॉ. मुकुल सिंह, प्रोफेसर सुधीर प्रताप सिंह, प्रोफेसर परमानंद सिंह, प्रोफेसर विजय कुमार सिंह, प्रोफेसर हरिबल्लभ मिश्रा, प्रोफेसर एन.के. वर्मा, प्रोफेसर इरशाद अहमद, प्रोफेसर उदय प्रताप सिंह, प्रेम शंकर सिंह, प्राचार्य इंटर महाविद्यालय, जयप्रकाश सिंह, राम बिहारी सिंह, रत्नेश कुमार सिंह, चनेश्वर ठाकुर और किताबुद्दीन सहित कई शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेकानंद तिवारी ने तीनों अवकाश प्राप्त कर्मियों को सम्मानित किया। समारोह में सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

