मशरक में शिव चर्चा करने वाले पुजारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव
सेरूकहा गांव में वारदात से सनसनी, सिर में मारी गई गोली; एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में शुक्रवार की सुबह शिव चर्चा करने वाले एक पुजारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उनका शव सड़क किनारे मकान निर्माण के लिए रखे ईंटों के ढेर के पास मिला। मृतक की पहचान स्वर्गीय वीरेंद्र मिश्रा के 37 वर्षीय पुत्र रवि प्रकाश के रूप में हुई है। उनके सिर में गोली मारी गई थी। सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
महिलाओं ने देखा शव
ग्रामीणों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह कुछ महिलाएं गोबर फेंकने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। पास जाकर देखने पर उसकी पहचान रवि प्रकाश के रूप में हुई। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी मढ़ौरा-2 संजय कुमार सुधांशु, मशरक के अंचल पुलिस निरीक्षक इंद्रजीत महंतों और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
शिव चर्चा और आरती करते थे रवि प्रकाश
स्थानीय लोगों ने बताया कि रवि प्रकाश शिव चर्चा करते थे। इसके अलावा धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। वह शादीशुदा थे, लेकिन करीब चार साल पहले उनकी पत्नी की मौत हो गई थी। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। उनकी हत्या की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी संजय कुमार सुधांशु ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों की पहचान के लिए विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी विवाद समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद सेरूकहा गांव में दहशत का माहौल है।

