मांझी-ताजपुर मुख्य सड़क पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के मांझी-ताजपुर मुख्य सड़क पर ताजपुर में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान घोरहट पंचायत के भभौली गांव निवासी रामायण यादव के पुत्र नीरज यादव के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, नीरज यादव शुक्रवार की सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने छोटे से दुकान के लिए कुछ सामान लेकर ताजपुर से अपने गांव भभौली लौट रहे थे। इसी दौरान ताजपुर में ही पेट्रोल पंप (बजरंग किसान सेवा केंद्र)) के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह सड़क किनारे गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज जांच कर कार्रवाई करने की मांग करने लगे। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

