मांझी के जैतपुर में गाय ने निगला गेहुअन सांप, डंसने के बाद मस्ती करती जीवित दिखी गाय
विजयादशमी के दिन हुई घटना से गांव में कौतूहल, गाय को देखने पहुंच रहे ग्रामीण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड की जैतपुर पंचायत के जैतपुर बथान में एक गाय द्वारा गेहुअन सांप को निगलने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। घटना के बाद भी गाय के जीवित और सामान्य रूप से विचरण करते दिखाई देने से ग्रामीण हैरान हैं। गाय को देखने के लिए गांव के लोग पहुंच रहे हैं।
जैतपुर पंचायत के पूर्व मुखिया जय प्रकाश सिंह ने बताया कि परमात्मा कंकर उर्फ लकड़ कमकर के बथान में गाय चर रही थी। इसी दौरान गाय ने गेहुअन सांप को निगल लिया। बताया जा रहा है कि सांप ने गाय को डस भी लिया था। इसके बावजूद गाय जीवित दिखाई दे रही है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि गाय अब खतरे से बाहर है, हालांकि इसकी चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। सांप के डसने की आशंका को देखते हुए गाय की पशु चिकित्सक से जांच कराना जरूरी है।
विजयादशमी के दिन हुई इस घटना को कुछ ग्रामीण धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रहे हैं। गांव में चर्चा है कि इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान शंकर के साक्षात दर्शन हुए हैं। जैतपुर के डॉ. राकेश तिवारी ने भी घटना को लेकर मां लक्ष्मी और भगवान शंकर के साक्षात दर्शन जैसी धार्मिक अभिव्यक्ति की है। फिलहाल गाय के सांप निगलने की यह घटना जैतपुर में कौतूहल का विषय बनी हुई है।

