छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर से स्प्लेंडर बाइक चोरी, जिला पंचायत कार्यालय के पास खड़ी थी मोटरसाइकिल
छपरा कोर्ट भी सुरक्षित नहीं, कोर्ट परिसर से दिन दहाड़े बाइक की चोरी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर में वाहन चोरी का मामला सामने आया है। जिला पंचायत कार्यालय के समीप खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के गायब होने के बाद पीड़ित ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार गिरि, पिता राजनारायण गिरि, निवासी ताजपुर फुलवरिया, थाना मांझी, जिला सारण, किसी कार्य से विगत 23 सितम्बर को छपरा व्यवहार न्यायालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी काले और चांदी रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (BR 04 AF 5158) को न्यायालय परिसर स्थित जिला पंचायत कार्यालय के समीप खड़ा किया था।
पीड़ित के अनुसार, बुधवार को वह करीब सुबह 11 बजे बाइक खड़ी कर न्यायालय के कार्य से चले गए। दोपहर करीब 3 बजे काम समाप्त कर वापस लौटे तो बाइक अपने स्थान से गायब मिली। इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गई और लोगों से पूछताछ भी की गई, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल सका।
इसके बाद दीपक कुमार गिरि ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध नगर थाना में लिखित आवेदन दिया है। उन्होंने पुलिस से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद करने तथा मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। न्यायालय परिसर जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर वाहन चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

