मांझी में शराब की बड़ी खेप बरामद, कार में लदी मिली 305.56 लीटर अंग्रेजी शराब
गैरतपुर में सरयू नदी किनारे पुलिस की छापेमारी, शराब लदी कार जब्त; तस्कर की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: शराब तस्करी के खिलाफ मांझी थाना पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 305.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब लदी कार को भी जब्त कर लिया है। कार्रवाई गैरतपुर गांव के समीप सरयू नदी किनारे गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मांझी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नदी किनारे के रास्ते एक कार से शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही तस्कर कार छोड़कर फरार हो गया।
कार की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 305.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष विमलेश कुमार सिंह ने बताया कि शराब तस्कर की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

