सारण में सड़क किनारे मिला युवक का शव, शरीर पर कोई जख्म के निशान नहीं, फिर कैसे हुई मौत? सड़क हादसे में मौत की आशंका
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा-सहाजितपुर मुख्य सड़क पर पचुआ पंचायत स्थित हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना स्थानीय लोगों ने मोबाइल फोन से एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर थाना ले गए।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के डुमाईगढ़ गांव निवासी स्व. वशिष्ठ सिंह के 40 वर्षीय पुत्र धनंजय सिंह के रूप में की।
जनता बाजार मेला देखने गया था युवक
परिजनों के अनुसार धनंजय सिंह जनता बाजार मेला देखने के लिए गया था और इसके बाद अपने ननिहाल चला गया था। गुरुवार की रात करीब नौ बजे उसकी परिजनों से फोन पर बातचीत भी हुई थी। इसके बाद शुक्रवार की सुबह एकमा पुलिस ने परिजनों को उसके सड़क किनारे शव मिलने की सूचना दी।
घटना की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी सलोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बीमार मां शांति देवी बेटे की मौत की खबर सुनकर विलाप करने लगीं। बताया गया कि मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर धनंजय करीब पांच माह पहले गांव आया था।
धनंजय की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के दो बच्चे हैं, जिनमें 10 वर्षीय पुत्र रिशु कुमार और आठ वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी शामिल हैं। शव गांव पहुंचने के बाद पूरे परिवार में मातम पसर गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रथमदृष्टया सड़क हादसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी तरह के जख्म के निशान नहीं मिले हैं। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष के अनुसार परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

