सारण: इंजीनियरिंग की छात्रा ने सरयू में लगाई छलांग, तेज धारा में लापता; तलाश जारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: यूपी-बिहार को सड़क मार्ग से जोड़ने वाले एनएच-19 पर स्थित जयप्रभा सेतु से गुरुवार दोपहर 25 वर्षीय एक छात्रा के सरयू नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है। नदी की तेज धारा में बहने के बाद छात्रा लापता हो गई। घटना के बाद यूपी और बिहार पुलिस की मौजूदगी में स्थानीय लोगों तथा परिजनों ने नाव के सहारे उसकी तलाश शुरू की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती सेतु के पिलर नंबर दो के समीप पहुंची और कुछ देर बाद रेलिंग के ऊपर से नदी में गिर गई। नदी में गिरने के बाद वह तेज धारा में बहती हुई धनी छपरा गांव के सामने तक पहुंची। स्थानीय लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की तेज धारा और गहराई के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद एक महिला स्थानीय उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट पर पहुंची और रोते हुए अपनी बेटी के नदी में कूदने की जानकारी दी। महिला ने अपनी पहचान बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के सेवक राय के टोला निवासी धर्मेंद्र कुमार सिंह की पत्नी रेखा देवी के रूप में बताई।
महिला के अनुसार, नदी में लापता हुई युवती उसकी 25 वर्षीय बेटी सौम्या सिंह है। सौम्या ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली के बदरपुर में कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थी।
सूचना मिलते ही यूपी और बिहार, दोनों तरफ की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में नाव के जरिए नदी में तलाश अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, घटना के कारणों को लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। खबर लिखे जाने तक छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

