मांझी मारपीट कांड में पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो गिरफ्तार, एक ने किया सरेंडर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने मांझी थाना क्षेत्र के चर्चित मारपीट कांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि पुलिस दबाव के कारण एक अन्य आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता साफ नजर आ रही है।
घटना 25 अप्रैल 2026 की है, जब मांझी थाना क्षेत्र के मांझी गोड़ा गांव में आपसी विवाद के दौरान मारपीट हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था। इस मामले में वादी अशोक ठाकुर के आवेदन पर मांझी थाना कांड संख्या 220/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी और दबिश के चलते पहले ही दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका था। वहीं बढ़ते दबाव के बीच 30 अप्रैल को एक अन्य आरोपी ने खुद न्यायालय में सरेंडर कर दिया। पुलिस के अनुसार शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और कांड के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
इस मामले में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मिथिलेश यादव उर्फ गोढ, पिता सुरेन्द्र यादव, निवासी मांझी गोड़ा, थाना मांझी, जिला सारण के रूप में की गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Manjhi Assault Case, Saran Police Action, Bihar Crime News, Manjhi Thana, Saran News

