BPSC AEDO EXAM: कदाचार की आशंका पर 10 पालियों की परीक्षा रद्द, 32 अभ्यर्थी प्रतिबंधित
पटना (बिहार): बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने परीक्षा की शुचिता को बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी एवं सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की लिखित प्रतियोगिता परीक्षाओं को रद्द कर दिया है। आयोग ने यह कदम कदाचार के प्रयासों और परीक्षा में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए उठाया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर ब्लूटूथ जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से कदाचार करने की कोशिश सामने आई थी। जिला प्रशासन की सतर्कता के कारण ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई और दंडात्मक कार्रवाई भी की गई। साथ ही 32 अभ्यर्थियों को परीक्षा में गड़बड़ी करने के आरोप में आगामी परीक्षाओं से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब तक की जांच में प्रश्न पत्र लीक होने या वायरल होने का कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। बावजूद इसके, परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता को सर्वोपरि मानते हुए 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी परीक्षा की 9 पालियां तथा 23 अप्रैल 2026 को आयोजित सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी परीक्षा को रद्द कर दिया गया है।
आयोग ने कहा है कि मेधावी अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा और कदाचारमुक्त परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत यह सख्त निर्णय लिया गया है, ताकि भविष्य में परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनी रहे।
BPSC Exam Cancelled, Bihar Exam News, Cheating Case BPSC, Competitive Exam Bihar, BPSC Update

