दो हत्याओं से दहला मांझी, विधायक रणधीर सिंह ने पीड़ित परिवारों से की मुलाकात
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के अलग-अलग गांवों में हुई दो हत्या की घटनाओं से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल कायम है। शुक्रवार को मांझी विधायक रणधीर सिंह ने दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और घटनाओं की विस्तृत जानकारी ली। नगर पंचायत मांझी के गोढ़ा निवासी एवं वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर की चाकू मारकर की गई हत्या को उन्होंने अत्यंत दुखद और निंदनीय बताया। विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में भय का माहौल पैदा करती हैं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इसके बाद विधायक शीतलपुर के मिश्री टोला पहुंचे, जहां अश्लील गाना बजाने के विरोध में हुए विवाद के बाद मधु मिश्रा की हत्या के मामले में परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दोनों घटनाओं को गंभीर बताते हुए जिला प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की और कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाए।
विधायक ने शोक संतप्त परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान उमाशंकर ओझा, पार्षद प्रतिनिधि विशाल कुमार राय उर्फ बिट्टू राय, मुन्ना सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुभाष सिंह, चंदन मिश्रा, जय प्रकाश सिंह उर्फ हरि सिंह सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Manjhi Murder Case, Saran Crime News, Randhir Singh MLA, Bihar Crime News, Chhapra News

