मजदूर दिवस पर न्याय का संदेश — “सशक्त मजदूर, सशक्त राष्ट्र”
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर सारण जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DALSA), छपरा द्वारा श्रम विभाग के सहयोग से एक प्रभावी विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसकी अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष पुनीत कुमार गर्ग ने की।
अपने संबोधन में पुनीत कुमार गर्ग ने कहा कि मजदूर समाज की रीढ़ हैं और उनके अधिकारों की रक्षा के साथ न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर दिया कि जागरूकता ही सशक्तिकरण का पहला कदम है। वहीं, सचिव सह एसीजेएम राजीव कुमार ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और मजदूर वर्ग को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी देना उन्हें शोषण से बचाने की दिशा में अहम कदम है।
कार्यक्रम में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADCS) पुर्णेंदु रंजन ने निःशुल्क विधिक सहायता को जरूरतमंदों का अधिकार बताते हुए कहा कि DALSA हर मजदूर के साथ खड़ी है। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुधा कुमारी ने कहा कि मजदूरों को न्याय दिलाना समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है और उन्हें बिना भय के अपने अधिकारों के लिए आगे आना चाहिए।
श्रम अधीक्षक देवेन्द्र कुमार प्रभाकर ने श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ तभी संभव है जब श्रमिक अपने अधिकारों और पंजीकरण प्रक्रिया से अवगत हों। वहीं, डालसा सारण के रिटेनर लॉयर डॉ. अमित रंजन ने न्यूनतम वेतन, कार्यस्थल की सुरक्षा और सम्मानजनक व्यवहार को मजदूरों का मूल अधिकार बताते हुए उन्हें कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी कुमारी उषा कुशवाहा ने किया। इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन पदाधिकारीगण, डालसा कर्मी, पीएलवी मुकेश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम न केवल श्रमिकों को जागरूक करने का माध्यम बना, बल्कि न्याय और समानता के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।
अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आम जनता से अपील की गई कि 9 मई 2026 को छपरा व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अपने लंबित मामलों का त्वरित एवं निःशुल्क निपटारा कराएं।
Labour Day Chhapra, DALSA Saran, Legal Awareness Camp, Workers Rights Bihar, Labour News

