रिविलगंज में आभूषण चोरी गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार
चोरी के आभूषण खरीदने वाले सोनार के पास से पिघला सोना बरामद, दो बाइक व दो मोबाइल जब्त
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: रिविलगंज थाना क्षेत्र में स्वर्ण आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और पिघला हुआ सोना बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपितों में तीन चोरी की घटना में शामिल बताए गए हैं, जबकि चौथे आरोपित पर चोरी के आभूषण खरीदने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, चार सितंबर को रिविलगंज बाजार से सामान लेकर घर लौट रही एक महिला ने दो युवकों पर बहला-फुसलाकर उसके पास से स्वर्ण आभूषण चोरी करने का आरोप लगाते हुए थाने में आवेदन दिया था। इस मामले में रिविलगंज थाना कांड संख्या 545/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त किया और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के स्वर्ण आभूषण खरीदने वाले सोनार अजय सोनी तक पुलिस पहुंची। उसके पास से पिघला हुआ सोना ठोस रूप में बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
बलिया के रहने वाले हैं सभी आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बलिया जिले के दुभटी थाना क्षेत्र के कर्ण छपरा निवासी सोनू डोम और सुनील डोम, बैरिया थाना क्षेत्र के टेकहा निवासी आकाश डोम तथा बैरिया थाना क्षेत्र के रानीगंज बाजार निवासी अजय सोनी के रूप में हुई है।
कार्रवाई में रिविलगंज थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी तथा डीआईयू टीम, सारण शामिल रही। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

