मांझी में तेंदुआ दिखने की अफवाह से हड़कंप, तालाब किनारे जुटी भीड़
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला स्थित बघउत में रविवार की शाम तालाब के किनारे तेंदुआ देखे जाने की अफवाह से इलाके में हड़कंप मच गया। जंगली जानवर की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे स्थित तालाब की झाड़ियों में एक जंगली जानवर छिपा हुआ है। लोगों का कहना है कि जानवर तालाब से मछलियां पकड़कर खा रहा था। हालांकि, जानवर की पहचान को लेकर लोगों में मतभेद है। कुछ लोग इसे तेंदुआ बता रहे हैं, जबकि कई लोगों का कहना है कि वह बनबिलाव (जंगली बिल्ली) हो सकता है।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग को जानकारी दी गई है। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने की जानकारी नहीं थी। फिलहाल जंगली जानवर की वास्तविक पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों में जानवर को लेकर उत्सुकता के साथ-साथ दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन और वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तालाब के किनारे वास्तव में कौन सा जंगली जानवर देखा गया।
मांझी में तेंदुआ दिखने की अफवाह से हड़कंप, तालाब किनारे जुटी भीड़

