सोनहो टोल प्लाजा के पास भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत
18 चक्का हाइवा ने टोटो में सामने से मारी जोरदार टक्कर, चार गंभीर; एनएच-722 पर लगा जाम
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर भेल्दी थाना क्षेत्र के सोनहो टोल प्लाजा के समीप रविवार को भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि टोटो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तेज रफ्तार 18 चक्का हाइवा और टोटो की आमने-सामने की टक्कर में हुआ। दुर्घटना के बाद हाइवा बिजली के पोल से जा टकराया।
मृतकों में अमनौर थाना क्षेत्र के सुल्तानगंज गांव निवासी फारूक मियां और उनकी पतोहू शना खातून शामिल हैं। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं हादसे में घायल एक किशोरी ने छपरा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इलाज के बाद लौट रहा था परिवार
बताया जाता है कि फारूक मियां इलाज कराने के लिए अपनी पतोहू शना खातून समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ टोटो से गड़खा गए थे। इलाज कराने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सोनहो टोल प्लाजा के समीप मकेर की ओर से छपरा की तरफ जा रहे अनियंत्रित हाइवा ने सामने से टोटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टोटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाइवा बिजली के पोल से टकरा गया।
चार लोग गंभीर रूप से घायल
दुर्घटना में टोटो चालक समेत अर्श आलम (3), दिलशाद अंसारी और जुनैद अंसारी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को मकेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों में कुछ को बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया।
हाइवा चालक फरार, सड़क पर लगा जाम
हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर भेल्दी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराने का प्रयास किया। हादसे में मौत के बाद आक्रोशित परिजन सड़क से हटने को तैयार नहीं थे।
इसके बाद मकेर थानाध्यक्ष संग्राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हादसे के कारण एनएच-722 पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार हाइवा चालक की तलाश की जा रही है।
सारण के सोनहो टोल प्लाजा के पास एनएच-722 पर 18 चक्का हाइवा और टोटो की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। टोटो चालक समेत चार घायल हैं।

