बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक के लिए चंदे की होड़, उद्योगपति केके सिंह ने दिए ₹3.51 लाख
दाउदपुर में स्मारक निर्माण को लेकर बढ़ा उत्साह, पहले भी दो लोगों ने दिए लाखों रुपये
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर बाजार में प्रस्तावित बाबू वीर कुंवर सिंह स्मारक के निर्माण को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। स्मारक निर्माण समिति को सहयोग राशि देने वालों की संख्या बढ़ रही है। इसी क्रम में सिवान जिले के दरौंदा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर गांव निवासी एवं उद्योगपति केके सिंह ने समिति को 3 लाख 51 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है।
समिति के संयोजक रणविजय सिंह उर्फ धड़ाका सिंह ने बताया कि केके सिंह की ओर से दी गई यह राशि स्मारक निर्माण के लिए महत्वपूर्ण सहयोग है। इससे पहले मांझी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं बरवां गांव निवासी जीतेन्द्र सिंह ने 2 लाख 51 हजार रुपये, जबकि संवेदक चंदन सिंह ने 1 लाख 11 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की थी।
समिति के संयोजक ने बताया कि स्मारक निर्माण कार्य को लेकर तैयारियां जारी हैं। 13 नवंबर को बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती के अवसर पर प्रतिमा के अनावरण की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रस्तावित प्रतिमा अनावरण समारोह में विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों को आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बृजभूषण शरण सिंह, राजा भैया, धनंजय सिंह, सांसद राजीव प्रताप रूडी, जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं विधायक रणधीर सिंह समेत अन्य नेताओं को आमंत्रित किए जाने की बात कही गई है।
स्मारक निर्माण के लिए मिल रहे आर्थिक सहयोग से समिति के सदस्यों में उत्साह है और निर्माण कार्य को लेकर गतिविधियां तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।

