सिसवन में शराब तस्करी पर पुलिस का शिकंजा, 124 लीटर से अधिक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान सिसवन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैना चट्टी के पास छापेमारी कर भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 27 लीटर बंटी-बबली देशी शराब और 97.26 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस तरह पुलिस ने कुल 124.26 लीटर शराब जब्त की है। शराब तस्करी में प्रयुक्त एक ग्लैमर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान एमएच नगर थाना क्षेत्र के सिसवा कला गांव निवासी प्रभु यादव के पुत्र बाबूलाल यादव के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

