सारण: शिक्षक पर अश्लील हरकत का आरोप, ग्रामीणों ने की पिटाई; पुलिस ने किया गिरफ्तार
छात्राओं की शिकायत के बाद आक्रोशित हुए ग्रामीण, बीईओ ने कहा- प्रथमदृष्टया आरोप सही प्रतीत हो रहा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के महम्मदपुर पूरब पट्टी स्थित उत्क्रमित प्राथमिक कन्या मध्य विद्यालय में शिक्षक पर छात्राओं के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगने के बाद मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक मनोज कुमार महतो की पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर महम्मदपुर के मुखिया प्रतिनिधि ने बीच-बचाव कर शिक्षक को ग्रामीणों से बचाया और सुरक्षित रूप से विद्यालय परिसर में एक कमरे में बंद कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विभा रानी विद्यालय पहुंचीं और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कई छात्राओं से अलग-अलग बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
छात्राओं ने सुनाई आपबीती
बताया गया कि पूछताछ के दौरान कई छात्राओं ने बीईओ को शिक्षक द्वारा कथित अश्लील हरकत किए जाने की जानकारी दी। बीईओ विभा रानी ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला सही प्रतीत हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पूछताछ में शिक्षक मनोज महतो द्वारा पूर्व में भी कई छात्राओं के साथ ऐसी हरकत किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने शिक्षक को किया गिरफ्तार
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे। पुलिस ने शिक्षक मनोज कुमार महतो को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद विद्यालय परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
शिक्षक पर लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

