मढ़ौरा को मिला नया एसडीओ, 2024 बैच के आईएएस सैयद आदिल मोहसीन संभालेंगे कमान
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला एवं पदस्थापन किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 22 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के तहत विभिन्न जिलों में डीडीसी, नगर आयुक्त और अनुमंडल पदाधिकारी के पद पर नए अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसी क्रम में सारण के मढ़ौरा अनुमंडल को नया एसडीओ मिला है।
2024 बैच के आईएएस अधिकारी सैयद आदिल मोहसीन को मढ़ौरा का नया अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी से चरण-II का प्रशिक्षण पूरा कर लौटे 2024 बैच के कई प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को सरकार ने विभिन्न अनुमंडलों में एसडीओ की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की संभालेंगे जिम्मेदारी
नई जिम्मेदारी संभालने के बाद सैयद आदिल मोहसीन मढ़ौरा अनुमंडल में प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ कानून-व्यवस्था और विकास से जुड़े मामलों की निगरानी करेंगे। सरकार की अधिसूचना के अनुसार नए अनुमंडल पदाधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 14 और धारा 163 के तहत कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की गई हैं।
इससे नए एसडीओ को प्रशासनिक कार्यों के साथ दंडाधिकारी संबंधी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभानी होंगी।
कई अनुमंडलों में नए एसडीओ की तैनाती
राज्य सरकार के प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई अन्य अनुमंडलों में भी 2024 बैच के आईएएस अधिकारियों को एसडीओ की जिम्मेदारी दी गई है।
अधिसूचना के अनुसार विरूपाक्ष विक्रम सिंह को दानापुर, प्रिया रानी को सासाराम, कृष्णा जोशी को बाढ़, प्रेम कुमार को हवेली खड़गपुर, अजय यादव को बलिया, सूरज कुमार को कटिहार, विग्नेश टी.ए. को पूर्णिया, जतिन कुमार को शेरघाटी, के. परीक्षित को नौगछिया, महेश कुमार को तारापुर और कशिश बक्शी को पटना सिटी का एसडीओ बनाया गया है।
इसके अलावा श्रेया श्री को खगड़िया का डीडीसी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, गरिमा लोहिया को दरभंगा नगर निगम का नगर आयुक्त, अनिरुद्ध पाण्डेय को पूर्णिया नगर निगम का नगर आयुक्त तथा तुषार कुमार को मधुबनी का डीडीसी-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद बनाया गया है।
मढ़ौरा में सैयद आदिल मोहसीन की पदस्थापना को अनुमंडल के प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। उनके कार्यभार संभालने के बाद मढ़ौरा में प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

