सावन की अंतिम सोमवारी पर शिव शक्ति धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सावन की अंतिम सोमवारी के अवसर पर मांझी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध शिव शक्ति धाम मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों की संख्या में युवक-युवतियों के साथ महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की।
रिविलगंज से पहुंचे युवाओं ने बताया कि शिव शक्ति धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर पूजा-अर्चना करने से उन्हें आस्था और शांति की अनुभूति हुई। श्रद्धालुओं में मंदिर को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
आमडाढ़ी के युवाओं ने भी किया जलाभिषेक
आमडाढ़ी पंचायत से दो दर्जन से अधिक युवाओं ने भी मंदिर पहुंचकर जलाभिषेक किया। एलएलवी कर्णपुरा-आमडाढ़ी एकेडमी की पूरी टीम ने भी इस अवसर पर भगवान शिव की पूजा की।
युवाओं ने बताया कि वे प्रतिदिन करीब 8 से 10 किलोमीटर दौड़ लगाकर शारीरिक तैयारी करते हैं। उनके अनुसार, प्रत्येक वर्ष क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक युवा बिहार पुलिस और सेना समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होते हैं।
फरवरी में होगा नवनिर्मित मंदिर का उद्घाटन
ग्रामीणों एवं विजय सिंह के सहयोग से शिव शक्ति धाम मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है। विजय सिंह के अनुज अजय सिंह ने बताया कि नवनिर्मित मंदिर में फरवरी माह में मूर्ति स्थापना के बाद विधिवत उद्घाटन कराया जाएगा।
सावन की अंतिम सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से भी समुचित व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

