सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा महेंद्र नाथ धाम में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत स्थित ऐतिहासिक बाबा महेंद्र नाथ धाम में सावन की अंतिम सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब 3 बजे से ही कांवरियों और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर लग गई थीं।
मंदिर के प्रधान पुजारी तारकेश्वर उपाध्याय उर्फ लाल बाबा ने बताया कि अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा। उनके अनुसार, इस अवसर पर करीब 2 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर से लेकर मेला क्षेत्र तक जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसके अलावा पेयजल, शौचालय और चिकित्सा शिविर की भी व्यवस्था की गई।
देर शाम तक पूरे धाम में “हर-हर महादेव” के जयघोष गूंजते रहे। सावन की अंतिम सोमवारी पर बाबा महेंद्र नाथ धाम में उमड़ी भीड़ ने क्षेत्र के धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया।

