₹4 हजार रिश्वत लेते ASI गिरफ्तार, निगरानी टीम ने रंगेहाथ दबोचा
नरकटियागंज/बेतिया (बिहार), 24 अगस्त 2026
भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई में शिकारपुर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को ₹4,000 रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। निगरानी टीम ने यह कार्रवाई नरकटियागंज के हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक, शिकारपुर में की।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, परिवादी अमृत कुमार, निवासी पकड़ी, वार्ड संख्या-09, थाना शिकारपुर, पश्चिम चंपारण ने पटना स्थित निगरानी ब्यूरो कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शिकारपुर थाना कांड संख्या 794/26, दिनांक 12 अगस्त 2026, विद्युत चोरी से संबंधित मामले में उनके पिता को बेल दिलाने के एवज में आरोपी पुलिसकर्मी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी।
सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 101/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस निरीक्षक अस्मित कुमार के अनुरोध पर पुलिस उपाधीक्षक सतीश चन्द्र माधव के नेतृत्व में धावादल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए उपेन्द्र प्रसाद विद्यार्थी को ₹4,000 रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद विशेष न्यायालय में होगी पेशी
निगरानी ब्यूरो के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में अग्रतर अनुसंधान की कार्रवाई जारी है।
2026 में भ्रष्टाचार के खिलाफ 101वीं प्राथमिकी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के मुताबिक, वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 101वीं प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई है। इनमें 93 ट्रैप कांड शामिल हैं। अब तक ट्रैप मामलों में कुल 91 अभियुक्तों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया जा चुका है तथा रिश्वत की कुल ₹32,34,800 राशि बरामद की गई है।
वर्ष 2025 में निगरानी ब्यूरो द्वारा कुल 101 ट्रैप कांड दर्ज किए गए थे और रिश्वत के रूप में ₹37,80,300 की राशि बरामद की गई थी।

