सारण के विकास को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सांसद रूडी की अहम बैठक
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण के समग्र एवं दूरदर्शी विकास को लेकर सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके कार्यालय में एक महत्वपूर्ण मुलाकात की, जिसमें जिले और प्रदेश के स्वर्णिम भविष्य की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान हाल ही में स्वीकृत विभिन्न विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और उनकी प्रगति को लेकर रणनीतिक संवाद हुआ, जिसमें संबंधित विभागों के वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं को तेजी से लागू करने पर विशेष बल दिया गया। सांसद रूडी ने सारण में स्वीकृत परियोजनाओं जैसे दिघवारा में सिक्स लेन पुल, सोनपुर में प्रस्तावित ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा, हरिहरनाथ कॉरिडोर, दिघवारा-भेल्दी स्पर तथा सारण सैटेलाइट टाउनशिप की प्रगति की समीक्षा की और इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
बैठक में बाकरपुर–डुमरिया घाट पथ को ‘नारायणी पथ’ और उत्तरी गंगा पथ को ‘गंगा-अम्बिका भवानी पथ’ के रूप में विकसित करने की दिशा में भी आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। सांसद रूडी ने इन परियोजनाओं को सारण के आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास का आधार बताते हुए इन्हें समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने की आवश्यकता पर बल दिया।
साथ ही, भविष्य की अन्य प्रस्तावित योजनाओं पर भी सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ, जिससे आने वाले समय में सारण के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई। यह मुलाकात जिले में स्वीकृत योजनाओं को गति देने और विकास की दिशा को और सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कैप्शन: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के दौरान पुष्पगुच्छ भेंट करते सांसद राजीव प्रताप रूडी, सारण के विकास पर हुई विस्तृत चर्चा।
Saran Development, Rajeev Pratap Rudy, Samrat Chaudhary, Bihar Development News, Chhapra News

