सारण: संत रविदास जयंती पर डीएम ने किया आमजनों से किया संवाद; 22 योजनाओं को शत-प्रतिशत लागू करने का दिया निर्देश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर छपरा सदर प्रखंड की शेरपुर पंचायत में आयोजित शिविर का जिला पदाधिकारी सारण वैभव श्रीवास्तव ने भ्रमण किया। उन्होंने शिविर में मौजूद आमजनों और लाभुकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, जरूरतों तथा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने संत रविदास जी के विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि समानता, सामाजिक समरसता और मानव कल्याण का उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है। प्रशासन का प्रयास है कि इन मूल्यों के अनुरूप सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
22 योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का निर्देश
डीएम ने सरकार द्वारा संचालित 22 योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल पर उतारने के संकल्प को दोहराते हुए अधिकारियों और कर्मियों को पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें समय पर लाभ दिलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
इस दौरान कुछ लाभुकों के बीच प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। डीएम ने पात्र लोगों से राशन कार्ड और शौचालय निर्माण के लिए आवेदन करने की अपील की।
प्रमाण-पत्र नहीं होने पर भी मदद का निर्देश
डीएम ने विकास मित्र और पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि जिन पात्र लाभुकों के पास राशन कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक निवास प्रमाण-पत्र अथवा आय प्रमाण-पत्र नहीं है, उनसे संबंधित प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए आवेदन प्राप्त करें और आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पात्र लाभुकों का राशन कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
भूमिहीन लाभुकों की होगी पहचान
शिविर में डीएम ने भूमि से संबंधित मामलों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र भूमिहीन लाभुकों के लिए नियमानुसार भूमि बंदोबस्ती की कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को ऐसे लाभुकों को चिह्नित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
गली-नाली की समस्याएं GPDP में होंगी शामिल
पंचायत में गली-नाली से जुड़ी शिकायतों और जरूरतों की जानकारी लेते हुए डीएम ने आवश्यक योजनाओं को GPDP (ग्राम पंचायत विकास योजना) में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को स्थल स्तर पर जरूरतों का आकलन करने को कहा।
डीएम ने आमजनों से अपनी समस्याएं और शिकायतें संबंधित स्तर पर दर्ज कराने की अपील की। अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और जनकल्याण के विचारों को आत्मसात करते हुए प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।

