महेंद्रनाथ धाम को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी, पर्यटन विकास समिति ने लिया जायजा
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के मेहदार स्थित प्रसिद्ध बाबा महेंद्रनाथ धाम के विकास को लेकर बिहार विधानसभा की पर्यटन विकास समिति ने शुक्रवार को स्थल का दौरा किया। समिति के अध्यक्ष एवं विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने धाम परिसर और मेला मैदान में पर्यटन विभाग की ओर से कराए जा रहे विकास कार्यों का जायजा लिया।
दौरे के दौरान समिति ने मेंहदार को व्यवस्थित और प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावनाओं की समीक्षा की। अधिकारियों से चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली गई तथा श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं को और बेहतर करने पर चर्चा हुई।
समिति के अध्यक्ष मनोरंजन सिंह ने कहा कि बाबा महेंद्रनाथ धाम ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। महाशिवरात्रि और सावन के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि प्रयास है कि मेंहदार को बड़े पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ें और सिवान जिले को पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिले।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और संपर्क सड़कों को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
दौरे के दौरान विधायक बबलू मंडल, गौतम कृष्ण, सिसवन के अंचलाधिकारी उदयन सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सत्येंद्र भारती सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

