सरकारी और मंदिर की जमीन पर कथित अतिक्रमण से ग्रामीणों में आक्रोश
--रामपुर में सरकारी-मंदिर की जमीन पर कब्जे का आरोप को ले डीएम, एसडीएम व सीओ से गुहार
---पंचायत सरकार भवन, खेल मैदान व मेला ग्राउंड की जमीन पर निर्माण से ग्रामीणों में आक्रोश, जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग
नरकटियागंज (बिहार) | 23 सितम्बर 2026
नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज डुमरिया के रामपुर गांव में सरकारी और मंदिर की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक महत्व वाली करीब एक एकड़ जमीन पर धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है। आरोप है कि जमीन पर मठ, झोपड़ी और दुकानें बनाने के बाद अब पक्के निजी मकान का निर्माण भी कराया जा रहा है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिलाधिकारी, पश्चिम चंपारण को सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा लोक शिकायत निवारण प्रणाली के तहत बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत का पंजीकरण संख्या REF8756519 बताई गई है।
खाता संख्या 02 और खेसरा 107 की जमीन का मामला
ग्रामीणों के आवेदन के अनुसार, रामपुर गांव में खाता संख्या 02 और खेसरा संख्या 107 के अंतर्गत करीब एक एकड़ सरकारी भूमि है। ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन सार्वजनिक उपयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इसी परिसर में बच्चों के लिए खेल मैदान और पारंपरिक मेला ग्राउंड है। परिसर में एक प्राचीन शिव मंदिर भी स्थित है।
इसी क्षेत्र में सरकार की ओर से पंचायत सरकार भवन का निर्माण भी कराया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक उपयोग वाली जमीन के अलग-अलग हिस्सों पर कुछ लोगों द्वारा धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है।
शिकायत में वीरेन्द्र शर्मा, पिता रघुनाथ शर्मा और ओमप्रकाश शर्मा, पिता रामविलास शर्मा के नाम भी दर्ज कराए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मठ और दुकानों के बाद पक्के मकान के निर्माण का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि जमीन पर पहले मठ, झोपड़ी और दुकानें बनाई गईं और अब पक्के निजी मकान का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीणों को आशंका है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने पर सार्वजनिक उपयोग की जमीन का बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में आ सकता है।
इससे खेल मैदान, मेला ग्राउंड, पंचायत सरकार भवन और प्राचीन शिव मंदिर परिसर के प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग
मामले को लेकर संजीत कुमार मिश्रा, मिंटू महतो, संजीव कुमार, रेवती रमन मिश्र, कमलेश महतो, फुलेना यादव, शंभू कुशवाहा, सुमित विद्रोही, गोपाल पटेल और राजू मिश्र समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
ग्रामीणों ने आवेदन की प्रतिलिपि अनुमंडल पदाधिकारी नरकटियागंज, अंचलाधिकारी और शिकारपुर थाना अध्यक्ष को भी दी है।
ग्रामीणों ने डीएम से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा जांच में अतिक्रमण की पुष्टि होने पर उसे हटाने की मांग की है। साथ ही सार्वजनिक खेल मैदान, मेला ग्राउंड, पंचायत सरकार भवन की भूमि और प्राचीन शिव मंदिर परिसर को अतिक्रमणमुक्त कर सुरक्षित कराने की अपील की है।

