मांझी के ताजपुर में लिटिल डांस चैंप 2026 का भव्य आयोजन, बीकेबी हाईटेक स्कूल की झांकी को मिली बड़ी ट्रॉफी
नवदुर्गा स्वरूप और महिषासुर वध की झांकी ने मोहा मन, रनपट्टी के रवि कुमार की मां के प्रेम पर आधारित प्रस्तुति ने दर्शकों को किया भावुक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के ताजपुर पंचायत अंतर्गत फुलवरिया गांव में बड़ी दुर्गा माता समिति के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय लिटिल डांस चैंप 2026 सोमवार को संपन्न हो गया। कार्यक्रम में बच्चों ने भक्ति गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं बीकेबी हाईटेक स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नवदुर्गा स्वरूप और महिषासुर वध की आकर्षक झांकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। बेहतर प्रस्तुति के लिए बीकेबी टीम को बड़ी ट्रॉफी के साथ नगद राशि और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के पहले दिन ताजपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष सह पूर्व मुखिया सुरेंद्र कुमार सिंह और मांझी प्रखंड के पूर्व उपप्रमुख रामकृष्ण सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद बीकेबी हाईटेक स्कूल की नन्ही छात्राओं ने नवदुर्गा का स्वरूप धारण कर मंच पर अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर देवी स्वरूप छात्राओं को नमन किया। यजमान आदित्य कुमार ने आरती उतारी। शिक्षिका स्वीटी सिंह, अनुष्का कुमारी और पिंकी कुमारी के निर्देशन में तैयार झांकी ने पूरे पंडाल को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद स्वीटी कुमारी की भक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुति के साथ लिटिल डांस चैंप 2026 का आगाज हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न प्रतिभागियों ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दूसरे दिन सोमवार को बीकेबी हाईटेक स्कूल की वरिष्ठ छात्राओं ने नवदुर्गा का स्वरूप धारण कर मंच पर आकर्षक प्रस्तुति दी। यजमान ने देवी स्वरूप छात्राओं की आरती उतारी। इस दौरान पंडित धनंजय दुबे ने आरती गायन किया। इसके बाद प्रतियोगिता के दूसरे राउंड की शुरुआत हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक नृत्य प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिता के दौरान रनपट्टी गांव के प्रतिभागी रवि कुमार ने मां के प्रेम पर आधारित भावनात्मक गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया। दर्शकों ने तालियों के साथ उनके प्रदर्शन की सराहना की। इस विशेष प्रस्तुति के लिए रवि कुमार को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नवदुर्गा स्वरूप छात्राओं ने महिषासुर वध की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की। शिक्षक बीके भारतीय के निर्देशन में तैयार इस झांकी ने पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मां के जयकारों और तालियों से पूरा परिसर गूंज उठा। झांकी की शानदार प्रस्तुति के लिए बीकेबी हाईटेक स्कूल की टीम को बड़ी ट्रॉफी, नगद राशि और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में नृत्य प्रतियोगिता में स्वीटी कुमारी, शिवानी कुमारी, सृष्टि कुमारी, नंदनी कुमारी, खुशबू कुमारी, ऋषि गुप्ता, कीर्ति गुप्ता सहित दर्जनों प्रतिभागियों ने अपनी शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके उत्कृष्ट नृत्य प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से ताजपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष व पूर्व मुखिया सुरेंद्र कुमार सिंह द्वारा सम्मानित किया गया।
विजेता प्रतिभागियों को मेडल और मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। शिक्षक बीके भारतीय ने मंच संचालन किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य अमित, राकेश गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, आशीष, अमित कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समिति के सदस्यों और ग्रामीणों के सहयोग से संपन्न इस दो दिवसीय आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
#TajpurNews #ManjhiNews #SaranNews #BiharNews #LittleDanceChamp2026 #BKBHightechSchool #DurgaPuja #Navdurga #MahishasurVadh #RaviKumar #DanceCompetition #CulturalProgram




