टीवी की ‘दामिनी’ का बॉलीवुड में बड़ा धमाका: ‘पब्लिक का हीरो’ फिल्म में मुख्य भूमिका में दिखेंगी बिहार की बेटी ऋषिका सिंह चंदेल
7 अगस्त को जारी हुआ पोस्टर और टीज़र; शक्ति कपूर, मिमोह चक्रवर्ती और विशाल त्रिपाठी जैसे दिग्गजों के साथ सिल्वर स्क्रीन पर छाने को तैयार छपरा की होनहार अभिनेत्री
✍️ संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी
छपरा, 08 अगस्त 2026
बिहार की बेटी और अभिनेत्री ऋषिका सिंह चंदेल अब बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का दम दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं। क्योंकि टीवी की दुनिया में ‘नई सोच’ की दामिनी के किरदार से पहचान बनाने वाली ऋषिका सिंह चंदेल की आगामी हिंदी फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ बनकर तैयार हो चुकी है। 07 अगस्त को फिल्म का पोस्टर और टीज़र लॉन्च किया गया, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। क्योंकि ऋषिका सिंह चंदेल का यह सफर बिहार के छोटे शहर छपरा से शुरू होकर मायानगरी मुंबई के मुख्यधारा सिनेमा तक पहुंचा है, जो निश्चित रूप से राज्य और देश के हजारों युवा कलाकारों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत है।
छपरा से मुंबई तक का प्रेरणादायक सफर:
बिहार की मिट्टी ने देश को राजनीति, साहित्य, कला और प्रशासनिक सेवा से लेकर हर क्षेत्र में एक से बढ़कर एक नायाब हीरे दिए हैं। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बिहार के छपरा जिले की बेटी और चर्चित अभिनेत्री ऋषिका सिंह चंदेल अब हिंदी सिनेमा के बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का हुनर दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। छोटे पर्दे पर अपनी सशक्त अभिनय क्षमता से घर-घर में पहचान बनाने के बाद, ऋषिका की आगामी बहुप्रतीक्षित हिंदी फीचर फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ बनकर तैयार हो चुकी है। फिल्म जगत में किसी भी कलाकार के लिए टेलीविजन से बॉलीवुड के मुख्य सिनेमा तक का सफर तय करना एक बहुत बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।
7 अगस्त को पोस्टर और टीज़र लॉन्च के साथ बढ़ा उत्साह:
फिल्म निर्माताओं द्वारा गत 7 अगस्त को ‘पब्लिक का हीरो’ का आधिकारिक पोस्टर और टीज़र लॉन्च किया गया। पोस्टर और टीज़र के सामने आते ही सोशल मीडिया और फिल्म गलियारों में इसे दर्शकों का काफी सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। ऋषिका सिंह चंदेल के प्रशंसकों और खासकर बिहार के लोगों में उनकी इस नई पारी को लेकर भारी उत्सुकता देखी जा रही है। टीज़र में उनके लुक और अभिनय की झलक ने यह साफ कर दिया है कि वह बड़े पर्दे पर एक बेहद मजबूत और प्रभावपूर्ण भूमिका में नजर आने वाली हैं। ऋषिका सिंह चंदेल का अब तक का अभिनय करियर बहुआयामी और विविधताओं से भरा रहा है। उन्होंने टेलीविजन उद्योग में अपनी पहचान एक संजीदा और बहुमुखी प्रतिभा वाली अभिनेत्री के रूप में स्थापित की है।
‘नई सोच’ में सकारात्मक तो लव पंती’ में नकारात्मक की किरदार:
बहुचर्चित धारावाहिक ‘नई सोच’ में ऋषिका ने मुख्य पात्र ‘दामिनी’ की भूमिका निभाई थी। दामिनी के इस जुझारू और प्रेरणादायक किरदार ने उन्हें दर्शकों के दिलों में एक खास जगह दिलाई और वह टीवी की ‘दामिनी’ के रूप में मशहूर हो गईं। अपनी अभिनय क्षमता की विविधता को साबित करते हुए ऋषिका ने धारावाहिक ‘लव पंती’ में ‘सरिता’ का नकारात्मक (नेगेटिव) किरदार निभाया। एक तरफ जहां दामिनी के रूप में उन्होंने दर्शकों की सहानुभूति जीती, वहीं सरिता के रूप में अपनी तीखी अदाकारी से दर्शकों को चौंका दिया। सकारात्मक से लेकर नकारात्मक भूमिकाओं को सहजता से जीवंत करने की उनकी इसी क्षमता ने उनके लिए बॉलीवुड के दरवाजे खोले हैं।
विज्ञापन जगत में भी छोड़ी अपनी खास छाप:
केवल धारावाहिकों तक ही ऋषिका का दायरा सीमित नहीं रहा। बल्कि मनोरंजन उद्योग में भी अपनी साख मजबूत करते हुए उन्होंने कॉर्पोरेट और विज्ञापन जगत में भी अपनी पहचान बनाई है। वह देश के प्रमुख वित्तीय संस्थानों और ब्रांड्स के कमर्शियल विज्ञापनों का चेहरा बन चुकी हैं। जिसमें मुख्य रूप से बैंक ऑफ बड़ौदा के राष्ट्रीय विज्ञापन अभियान में ऋषिका की मौजूदगी ने उन्हें एक जाना- पहचाना चेहरा बनाया है, जबकि टाटा कैपिटल के विज्ञापन अभियानों में भी उन्होंने अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है।कमर्शियल विज्ञापनों में उनके इस अनुभव ने उनके स्क्रीन प्रेजेंस को और अधिक निखारा, जिसका लाभ उन्हें बड़े पर्दे पर काम करने के दौरान मिला। फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ का निर्माण प्रसिद्ध निर्माता शारदा त्रिपाठी द्वारा किया गया है। यह फिल्म न केवल ऋषिका सिंह चंदेल के लिए खास है, बल्कि इसमें बॉलीवुड के कई स्थापित और अनुभवी सितारे भी एक साथ नजर आने वाले हैं:
बॉलीवुड के दिग्गज और बहुमुखी अभिनेता शक्ति कपूर फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। तो वहीं
मुख्य कलाकारों में शामिल मिमोह चक्रवर्ती के साथ ऋषिका की केमिस्ट्री देखने लायक होगी। जबकि प्रतिभावान अभिनेता विशाल त्रिपाठी भी इस फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन अनुभवी और स्थापित कलाकारों के बीच फिल्म में लीड एक्ट्रेस के रूप में ऋषिका की मौजूदगी यह दर्शाती है कि निर्माताओं को उनकी अभिनय क्षमता पर कितना गहरा विश्वास है।
‘पब्लिक का हीरो’ फिल्म निर्माण का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है और 7 अगस्त को जारी हुए टीज़र तथा पोस्टर के बाद अब पूरी इंडस्ट्री और दर्शकों की निगाहें इसकी आधिकारिक रिलीज डेट पर टिकी हैं। क्योंकि बिहार के छपरा जैसे छोटे शहर से निकल कर मुंबई के कड़े मुकाबले वाले मनोरंजन उद्योग में अपनी जगह बनाना और फिर हिंदी फिल्म में बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू करना ऋषिका की लगन, मेहनत और प्रतिभा का प्रत्यक्ष प्रमाण है। ‘पब्लिक का हीरो’ न केवल ऋषिका सिंह चंदेल के करियर में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होने वाला है, बल्कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर उनके अभिनय सफर के एक नए और सुनहरे अध्याय की शुरुआत भी है।

