मांझी विधानसभा में विधायक रणधीर सिंह का जनसंपर्क अभियान, नवमनोनीत जदयू पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी विधानसभा क्षेत्र में शनिवार का दिन विधायक रणधीर सिंह के जनसंपर्क, सम्मान समारोह और संगठनात्मक गतिविधियों के नाम रहा। विधायक ने एक ही दिन में दाउदपुर पंचायत में जनसंवाद करते हुए लोगों की समस्याएं सुनीं और पार्टी संगठन को मजबूत करने को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। दाउदपुर पंचायत में चंदन सिंह के निजी आवास पर जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं रखीं। विधायक ने लोगों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मामलों के समाधान का भरोसा दिलाया।
इसके बाद मांझी प्रखंड के मदनसाढ़ स्थित नारायणी विवाह भवन के सभागार में जदयू के नवमनोनीत पदाधिकारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक रणधीर सिंह एवं जदयू के जिला अध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह ‘विकल’ ने पार्टी के नवमनोनीत जिला एवं प्रखंड कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा प्रखंड अध्यक्षों को फूल-माला, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, प्रखंड अध्यक्ष की ओर से विधायक रणधीर सिंह को भी अंगवस्त्र एवं टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रणधीर सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से पंचायत चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं और पंचायत स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को मजबूत करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम लोगों के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर विजय सिंह, राम किशुन, मुन्ना सिंह, जितेंद्र सिंह, टूना सिंह, निरंजन सिंह, छोटू सिंह, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
मांझी विधायक रणधीर सिंह, रणधीर सिंह जनसंपर्क, मांझी विधानसभा समाचार, दाउदपुर जनता दरबार, जदयू पदाधिकारी सम्मान, मांझी जदयू, बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, सारण राजनीति

