गोलीकांड की जांच को लेकर एकमा डीएसपी पहुंचे फुलवरिया, घटनास्थल का किया निरीक्षण
दोस्त को गोली मारने के मामले में पुलिस ने शुरू की गहन पड़ताल, हथियार और घटना के कारणों की तलाश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में युवक को गोली मारकर घायल किए जाने के मामले की जांच तेज हो गई है। बुधवार को एकमा डीएसपी प्रेमचंद सिंह फुलवरिया पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। डीएसपी ने घटनाक्रम से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करते हुए पुलिस अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
बताया जाता है कि 31 जुलाई को फुलवरिया गांव में दोस्ती उस समय खूनी विवाद में बदल गई थी, जब विकास कुमार सिंह ने अपने दोस्त सूरज कुमार सिंह को गोली मार दी थी। गोली सूरज के दाहिने पैर में लगी और आर-पार निकल गई थी। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद मांझी सीएचसी से छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया था।
पुलिस को दिए बयान में घायल सूरज ने बताया था कि वह विकास के कहने पर उसके घर सीमेंट पहुंचाने गया था। सीमेंट रखने के बाद दोनों एक कमरे में बैठे थे। इसी दौरान विकास ने कथित तौर पर पिस्टल निकालकर उसके पैर में गोली मार दी।
घटना के बाद मांझी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। अब मामले की आगे की जांच में डीएसपी के घटनास्थल पर पहुंचने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एकमा डीएसपी प्रेमचंद सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और घटना के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

