क्रेटा-टोटो की आमने-सामने टक्कर में तीन महिलाएं घायल, चालक फरार
///जगत दर्शन न्यूज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र के भागर चरमुहानी के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार क्रेटा और टोटो की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में तीन महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद क्रेटा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
घायलों की पहचान किशुनबारी गांव निवासी शत्रुघ्न प्रसाद की पुत्री खुशी कुमारी, नगई गांव निवासी शिल्पी कुमारी और भागर गांव निवासी प्रमिला देवी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, खुशी कुमारी और शिल्पी कुमारी पंजवार हाईस्कूल सह इंटर कॉलेज की छात्राएं हैं। तीनों एक ही टोटो पर सवार होकर कॉलेज में इंटर का असाइनमेंट जमा करने जा रही थीं। इसी दौरान भागर चरमुहानी के पास रघुनाथपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही क्रेटा ने सामने से टोटो में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद टोटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार तीनों महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। हादसे के बाद क्रेटा चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस वाहन और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

