आदमापुर में श्रीकृष्ण छठिहार उत्सव की धूम, संत समागम और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
सिवान (बिहार): रघुनाथपुर प्रखंड के आदमापुर स्थित रामजानकी मठ, सरयू तट पर श्रीकृष्ण छठिहार उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। श्री श्री 108 महंत प्रेमदास जी महाराज के सानिध्य में आयोजित समारोह में संत समागम के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से तपस्वी संतों का आगमन हुआ। समारोह में प्रमुख रूप से महामंडलेश्वर कृष्णदास जी महाराज, महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज, महंत बालकदास जी महाराज, अशोक दास जी महाराज, ब्रजेश दास जी महाराज सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहे।
प्रेम, त्याग और धर्म का संदेश
इस अवसर पर महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन मानव समाज को प्रेम, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन सनातन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने संत समागम को सामाजिक सद्भाव और शांति को मजबूत करने वाला बताया।
भजनों से कृष्णमय हुआ मठ परिसर
समारोह में गायक आर्यन कुमार मिश्रा एवं गायिका वंदना सिंह बैरागी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भक्ति संगीत से पूरा मठ परिसर कृष्णमय हो गया।
आयोजित विशाल भंडारे में संतों एवं श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।

