डॉ. अजय सिंह ने बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष का संभाला पदभार
पटना, 3 सितंबर 2026
बिहार राज्य नागरिक परिषद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। बिहार सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय की अतिरिक्त सचिव महोदया ने उन्हें पदभार सौंपा। इस अवसर पर उनकी जीवनसंगिनी एवं पूर्व सीवान सांसद श्रीमती कविता सिंह भी मौजूद रहीं।
डॉ. अजय सिंह के करीबी डॉ. अरविंद आनंद ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. अजय सिंह ने इस जिम्मेदारी के लिए बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के प्रति आभार व्यक्त किया।
डॉ. अजय सिंह ने कहा कि वे जनसेवक के रूप में अपनी पूर्व की सक्रियता को आगे भी बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने हमेशा जनहित को प्राथमिकता दी है। उनकी माता जगमातो देवी तथा पत्नी कविता सिंह ने विधायक और सांसद के रूप में पार्टी की गरिमा और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी।
उन्होंने कहा कि बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना उनके समर्पण का सम्मान है। इसके लिए उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त करते हुए जनसेवा को और मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प जताया।
वहीं, पूर्व सांसद कविता सिंह ने भी नीतीश कुमार के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास कार्यों में नीतीश कुमार के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों का भी ध्यान रखा जाता रहा है।
कविता सिंह ने कहा कि डॉ. अजय सिंह को बिहार राज्य नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलना उनके परिवार के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए सरकार और पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया।

