मांझी: पेयजल सप्लाई पाइप में हुआ लीकेज, गंदा पानी घुसने का खतरा, तत्काल मरम्मत की मांग
सारण (बिहार): नगर पंचायत मांझी में पेयजल आपूर्ति को लेकर एक गंभीर समस्या सामने आई है। नगर पंचायत क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस के समीप मांझी-दरौली-गुठनी पथ की पुलिया के पास पीएचईडी की मुख्य पेयजल सप्लाई पाइप में लीकेज होने से ग्रामीणों को दूषित पानी मिलने की आशंका जताई गई है।
इस संबंध में भाजपा के मांझी मध्य मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार प्रसाद ने नगर पंचायत मांझी की कार्यपालक पदाधिकारी को आवेदन देकर तत्काल पाइप की मरम्मत कराने की मांग की है। आवेदन में बताया गया है कि पुलिया के पास नाले का पानी जमा रहता है और पेयजल सप्लाई पाइप में लीकेज होने के कारण गंदा पानी पाइप के अंदर प्रवेश कर रहा है।
भाजपा नेता मनोज कुमार प्रसाद का कहना है कि इससे सप्लाई के माध्यम से घरों तक पहुंचने वाला पानी दूषित हो सकता है, जो लोगों के पीने और खाना बनाने के लिए असुरक्षित हो सकता है। उन्होंने जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग से पाइप के लीकेज वाले हिस्से की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके। स्थानीय लोगों ने भी मामले में संबंधित विभाग से शीघ्र जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा जताई है।

