लूटकांड में सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन वांछित गिरफ्तार
सारण (बिहार):अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बनियापुर थाना क्षेत्र में दर्ज लूट के मामले में पुलिस ने तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिन्कू सिंह, मेराज अंसारी और अरविन्द सोनी के रूप में हुई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देशन में जिले में वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर बनियापुर थाना पुलिस की टीम ने छापेमारी कर बनियापुर थाना कांड संख्या 569/25, दिनांक 21 दिसंबर 2025 में नामजद तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार टिन्कू सिंह, पिता स्व. मैनू सिंह, पिरौटा गांव, थाना बनियापुर, जिला सारण का निवासी है। वहीं मेराज अंसारी, पिता मुख्तार अंसारी, सिपाहखास, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज तथा अरविन्द सोनी, पिता राजेन्द्र साह, धोबवलिया, थाना मांझागढ़, जिला गोपालगंज का निवासी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार टिन्कू सिंह का पूर्व से कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आया है। उसके विरुद्ध बनियापुर, तरैया, इसुआपुर, मढ़ौरा और गोपालगंज जिले के थानों में लूट, आर्म्स एक्ट, हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं मेराज अंसारी के विरुद्ध भी गोपालगंज के मोहम्मदपुर थाना में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मोबाइल, सोने का लॉकेट, बाइक और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से तीन मोबाइल फोन, एक सोने का लॉकेट, एक मोटरसाइकिल और 500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कार्रवाई में बनियापुर थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों के साथ डीआईयू सारण और एसटीएफ सारण की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

