मांझी सीएचसी को राज्य स्तरीय NQAS प्रमाण पत्र, 7 मानकों के मूल्यांकन में मिला 81% स्कोर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए राज्य स्तरीय राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्धारित गुणवत्ता मानकों के तहत हुए मूल्यांकन में सीएचसी को 81 प्रतिशत स्कोर मिला है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा चयनित राज्य स्तरीय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया था। इस दौरान NQAS के तहत निर्धारित 7 मानकों के आधार पर स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन किया गया।
मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं के आउटपुट समेत विभिन्न पहलुओं की जांच की गई। इन मानकों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत मूल्यांकन के बाद मांझी सीएचसी को 81 प्रतिशत स्कोर प्राप्त हुआ।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि NQAS के मानकों पर निर्धारित गुणवत्ता प्रक्रिया में खरा उतरने वाले अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों को ही गुणवत्ता प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। प्रमाण पत्र मिलने से स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सेवाओं की गुणवत्ता को लेकर स्वास्थ्यकर्मियों में उत्साह है।

