आज से बदल जाएंगे 10 बड़े नियम, जानिए आपकी जेब पर क्या होगा असर
/// जगत दर्शन न्यूज
नई दिल्ली: 1 अप्रैल 2025 से नए फाइनेंशियल ईयर की शुरुआत के साथ ही कई नियमों में बदलाव होने जा रहा है, जो आम जनता और व्यापारियों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करेगा। बैंकिंग, टैक्सेशन, डिजिटल पेमेंट और निवेश से जुड़े ये बदलाव आपकी जेब पर सीधा असर डाल सकते हैं। ऐसे में इन नियमों को पहले से समझ लेना जरूरी है, ताकि आप किसी भी परेशानी से बच सकें। आइए जानते हैं उन 10 बड़े बदलावों के बारे में, जो आज रात 12 बजे से लागू हो जाएंगे।
1. UPI अकाउंट्स पर सख्ती
नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने डिजिटल पेमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। 1 अप्रैल 2025 से वे UPI अकाउंट्स, जो लंबे समय से इनएक्टिव हैं, बंद कर दिए जाएंगे। अगर आपके बैंक अकाउंट से कोई पुराना या बंद नंबर लिंक है, तो उसे तुरंत अपडेट कर लें।
2. डोरमेंट UPI ID होंगे डिसेबल
अगर पिछले 12 महीनों से आपका UPI ID एक्टिव नहीं है, तो उसे 1 अप्रैल से डिसेबल कर दिया जाएगा। इसे फिर से एक्टिव कराने के लिए आपको बैंक या पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर से संपर्क करना होगा।
3. FD पर बढ़ा फायदा, TDS लिमिट में छूट
फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और रेकरिंग डिपॉजिट (RD) पर मिलने वाले ब्याज पर TDS की छूट सीमा बढ़ा दी गई है। अब सीनियर सिटीजन को 1 लाख रुपये तक के ब्याज पर कोई TDS नहीं देना होगा, जबकि अन्य निवेशकों के लिए यह सीमा 50,000 रुपये कर दी गई है।
4. सेविंग अकाउंट और FD की ब्याज दरों में बदलाव
SBI, HDFC, इंडियन बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, और IDBI सहित कई बैंक 1 अप्रैल से अपनी ब्याज दरों में बदलाव कर सकते हैं। अगर आप FD करने की सोच रहे हैं, तो नई ब्याज दरों की जानकारी ले लें।
5. डिविडेंड के लिए PAN-आधार लिंकिंग अनिवार्य
शेयर बाजार में निवेश करने वालों को 1 अप्रैल से पहले अपना PAN और आधार लिंक कराना होगा। ऐसा न करने पर डिविडेंड नहीं मिलेगा, और कैपिटल गेन टैक्स पर ज्यादा TDS देना पड़ सकता है।
6. डीमैट और म्यूचुअल फंड अकाउंट के नियम सख्त
SEBI ने 1 अप्रैल से KYC और नॉमिनी डिटेल्स अपडेट करना अनिवार्य कर दिया है। ऐसा न करने पर आपका डीमैट अकाउंट फ्रीज हो सकता है।
7. सेविंग अकाउंट में मिनिमम बैलेंस जरूरी
अगर आपके सेविंग अकाउंट में मिनिमम बैलेंस नहीं है, तो बैंक 1 अप्रैल से आपसे जुर्माना वसूल सकता है। अलग-अलग बैंकों के नियम अलग हो सकते हैं, इसलिए अपने बैंक की पॉलिसी जरूर चेक करें।
8. GST के नए नियम लागू
इनपुट सर्विस डिस्ट्रीब्यूटर (ISD) सिस्टम लागू होगा, जिससे टैक्स रेवेन्यू का सही डिस्ट्रीब्यूशन सुनिश्चित किया जाएगा। यह बदलाव बिजनेस करने वालों के लिए महत्वपूर्ण है।
9. LPG गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव
तेल कंपनियां 1 अप्रैल को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी करेंगी। इस बदलाव का सीधा असर आपकी जेब पर पड़ेगा।
10. नया टैक्स सिस्टम लागू
असेसमेंट ईयर 2025-26 के लिए नया टैक्स सिस्टम डिफॉल्ट रूप से लागू होगा। अगर आप पुरानी टैक्स व्यवस्था के तहत डिडक्शन का लाभ लेना चाहते हैं, तो इसके लिए अलग से आवेदन करना होगा।
इन बदलावों का समय रहते ध्यान रखना आपके फाइनेंशियल प्लानिंग के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।